खरगोन , अक्टूबर 15 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में फर्जी अंक सूची की मदद से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की नौकरी हासिल करने के मामले में पुलिस ने एक जनपद पंचायत अध्यक्ष की पुत्रवधू को गिरफ्तार कर लिया।

गोगावा पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी मनीषा मंडलोई को कल गिरफ्तार कर खरगोन स्थित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से एक दिन की पुलिस रिमांड प्राप्त हुई है। मनीषा मंडलोई गोगावा जनपद पंचायत की अध्यक्ष गंगाबाई मंडलोई की पुत्रवधू है।

मनीषा मंडलोई पर आरोप है कि उसने फर्जी मार्कशीट के आधार पर पेनपुर ग्राम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की नौकरी प्राप्त कर ली थी। उसने अपनी कक्षा 12वीं की अंकसूची में 337 अंकों में 100 अंक बढ़ाकर 437 अंक कर लिए थे, जिसके चलते उसे नौकरी प्राप्त हो गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित