चंडीगढ़/फरीदाबाद , फरवरी 04 -- हरियाणा के फरीदाबाद जिले में बुधवार सुबह छह से आठ ठिकानों पर छापेमारी की गई। स्कूल और कंपनी मालिकों के घर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीमें शहर के अलग-अलग छह से आठ ठिकानों पर जांच कर रही हैं। इन ठिकानों में निजी स्कूल, कंपनियों के कार्यालय और कंपनी मालिकों के आवास शामिल बताए जा रहे हैं।
आज सुबह करीब छह बजे आयकर विभाग की कई टीमें भारी पुलिस बल के साथ फरीदाबाद पहुंचीं। इसके बाद टीमों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई एक साथ की गई सबसे बड़ी आयकर छापेमारियों में से एक है। सुरक्षा की दृष्टि से छापेमारी स्थलों पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
आयकर विभाग की टीमें सेक्टर-11 स्थित हिंदुस्तान सिक्योरिटी कंपनी के कार्यालय और सेक्टर-21 स्थित एक आवास पर जांच कर रही हैं।
इसके अलावा सेक्टर-17, सेक्टर-28 और नहर पार क्षेत्र में स्थित कई निजी स्कूलों में भी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, सेक्टर-9 के मकान नंबर 504-505 में रानी रोड के मालिक दीपक गुप्ता के आवास पर भी आयकर विभाग की टीम पहुंची हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित