वाराणसी , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में 'फरसा वाले बाबा' के नाम से प्रसिद्ध चंद्रशेखर बाबा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कानून-व्यवस्था और गौ-रक्षा को लेकर किए जा रहे दावे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते। उनका आरोप है कि मथुरा में गौसेवा में जुटे एक संत की इस प्रकार मौत होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। शंकराचार्य ने कहा कि चंद्रशेखर बाबा लंबे समय से गौ-रक्षा के कार्यों में सक्रिय थे। घटना के संबंध में उन्होंने आरोप लगाया कि गौतस्करों को रोकने के प्रयास के दौरान बाबा को वाहन से कुचल दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। संत समाज और स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शंकराचार्य ने कहा कि यदि सरकार के दावे सही होते, तो ऐसी घटनाएं नहीं होतीं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार किया जाए और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित