फतेहपुर , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गणित की प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान साल्वर गैंग का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में सात छात्रों सहित तीन विद्यालय प्रबंधक और तीन प्रधानाचार्यों के विरुद्ध भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) राकेश सिंह ने बताया कि गणित का पेपर चल रहा था, तभी उड़न दस्ते ने पंडित दीनदयाल मॉडल स्कूल, दनियालपुर में छापेमारी की। जांच के दौरान पांच छात्र आरिफ, शिवकुमार, अफजल, गुलामवारिस और सौरभ को दूसरे परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी थरियांव थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इस संबंध में थरियांव थाने में पांच साल्वरों के अलावा दो अज्ञात व्यक्तियों, तीन प्रधानाचार्यों और तीन प्रबंधकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित