फतेहपुर , फरवरी 21 -- उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के ललौती क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ललौली थाना क्षेत्र के सिंघाव गांव निवासी आकाश (21), सौरभ (27), उमेश (18) और गजराज (28) बीती रात दो बाइकों से एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद चारों युवक वापस अपने घर लौट रहे थे।
इस दौरान ललौली थाना क्षेत्र के मेवली मोड़ के पास दोनों बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में आकाश, सौरभ और उमेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल गजराज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित