फतेहपुर , अप्रैल 28 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार मां और उसके एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार देर शाम कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुनीर बक्सर मार्ग पर यह हादसा उस समय हुआ जब गाजीपुर निवासी पुष्पा अपने दो बेटों शनि मौर्य (20) और अनुराग (18) के साथ बाइक से कहीं जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुष्पा डंपर में फंसकर करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में उनके बेटे शनि मौर्य की भी घटनास्थल पर मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा बेटा अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल अनुराग को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित