फतेहपुर , जनवरी 24 -- फतेहपुर जिले में शहर के सबसे बड़े उद्योगपति और अधिवक्ता जय राम मानसिंह की हत्या का खुलासा पुलिस ने किया है। पुलिस का दावा है कि उनकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उनके सबसे करीबी नौ साल से साथ रह रहे उनके मैनेजर अंकित मिश्रा ने की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार फतेहपुर जनपद के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले शहर के सबसे बड़े उद्योगपति और वरिष्ठ अधिवक्ता जय राम मानसिंह की 21 जनवरी की देर शाम उस समय हत्या कर दी गई थी, जब वह घर से टहलने के लिए निकले थे। हत्या की जानकारी होने पर प्रयागराज के एडीजी ज्योति नारायण और आईजी अजय मिश्रा मौके कर पहुंचे और हत्या के खुलासे का सख्त आदेश दिया था।
दूसरी ओर इस मामले को लेकर अधिवक्ताओं ने कामकाज ठप कर दिया था। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक जयराम मानसिंह के मैनेजर अंकित मिश्रा को जब हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है पुलिस अन्य मामलों की जांच अभी भी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित