फर्रुखाबाद , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र स्थित केंद्रीय कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

सूत्रों के अनुसार मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिलसंडा निवासी प्रभात राजपूत (40) पास्को एक्ट के तहत आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा था। वह 24 मार्च 2024 से केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ में निरुद्ध था। बताया गया है कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह जेल परिसर में कारखाने के पीछे लघुशंका के लिए गया था। काफी देर तक वापस न लौटने पर जेल कर्मियों ने उसकी तलाश की, जहां वह फांसी के फंदे पर लटका मिला। तत्काल उसे नीचे उतारकर उपचार के लिए भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

जेल अधीक्षक के अनुसार प्रभात राजपूत को पास्को एक्ट के एक मामले में अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित