अलवर , जनवरी 29 -- राजस्थान में अलवर जिले के सरिस्का के जंगल में पुलिस झिरी ग्राम पंचायत के शाखा का गुवाड़ा के पास एक तेंदुए के शिकार का मामला सामने आया है।
वन विभाग के सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि 26 जनवरी की शाम को यह तेंदुआ एक पेड़ पर लटका मिला था। वन कर्मियों ने इसकी सूचना जिला वन अधिकारी (डीएफओ) राजेंद्र हुड्डा को दी। उसके बाद वन अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और तेंदुए का शव पेड़ से उतार कर थानागाजी रेंज के कार्यालय लेकर आए।
सूत्रों ने बताया कि तेंदुए की उम्र करीब दो वर्ष है। इस संबंध में वन कर्मियों ने ग्रामीणों से पूछताछ की तो यह बात सामने आई की प्रभु दयाल मीणा ने शिकार किया है। आरोपी खेत मालिक है और 26 जनवरी की घटना से ही फरार चल रहा था। इससे उस पर शक गहरा गया।
वन विभाग के दल ने बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि फसलों को बचाने के लिए जंगली सूअरों को रोकने के लिए फंदा लगाया था। फंदे में जंगली सूअर तो नहीं फंसे लेकिन यह तेंदुआ उसमें उलझ गया और दौड़ते हुए पेड़ पर चढ़ गया, जहां फंदे का पेट पर खिंचाव होने से उसकी मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित