राजकोट , जनवरी 31 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के राजकोट रेल मंडल के पड़धरी रेलवे स्टेशन का 'अमृत भारत स्टेशन योजना' (एबीएसएस) के अंतर्गत 7.59 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक पुनर्विकास कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है।

मंडल रेल प्रबंधक गिरिराज कुमार मीना ने शनिवार को बताया कि अब यह स्टेशन न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस है, बल्कि अपनी नयी भव्य वास्तुकला के साथ सौराष्ट्र की रेल कनेक्टिविटी को नयी ऊंचाई प्रदान कर रहा है। स्टेशन को पूरी तरह से 'दिव्यांगजन और बुजुर्ग अनुकूल' बनाया गया है। विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया के विकास से स्टेशन परिसर में वाहनों की आवाजाही सुगम और व्यवस्थित होगी। स्टेशन को निम्नलिखित अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।

विशाल स्टेशन भवन, 3600 वर्गफुट में फैली आधुनिक स्थापत्य कला से निर्मित नयी इमारत, जो यात्रियों को एक भव्य प्रवेश द्वार प्रदान करती है। आधुनिक कंकॉर्स, 1060 वर्गफुट का खुला और विस्तृत क्षेत्र, जहां यात्री बिना किसी भीड़भाड़ के सुगमता से आवाजाही कर सकते हैं। डीलक्स प्रतीक्षालय, 218 वर्गफुट का आरामदायक विश्राम गृह, जिसमें बेहतर वेंटिलेशन और बैठने की श्रेष्ठ व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है।

विस्तृत फुट ओवर ब्रिज यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए 12 फुट चौड़ा नया पुल जो प्लेटफॉर्म एक और दो को जोड़ता है। विशाल कवर शेड प्लेटफॉर्मों पर 5370 वर्गफीट का नया शेड लगाया गया है, जो यात्रियों को धूप और बारिश से सुरक्षा प्रदान करेगा। स्मार्ट पार्किंग 1550 वर्गफुट का समर्पित पार्किंग क्षेत्र, जो अधिक वाहनों को सुव्यवस्थित रूप से समायोजित करेगा।

दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, समावेशी यात्रा के लिए टैक्टाइल टाइल्स, विशेष साइन बोर्ड, हैंडरेल्स और समर्पित पार्किंग स्लॉट की व्यवस्था। उन्नत शौचालय ब्लॉक 1140 वर्गफुट में फैला स्वच्छता की आधुनिक सुविधाओं से लैस नया शौचालय परिसर। हाई-मास्ट लाइटिंग पूरे परिसर को रोशन करने के लिए नये विद्युत खंभों और हाई-मास्ट लाइट की स्थापना, जिससे रात में सुरक्षा बढ़ेगी। सुगम प्रवेश एवं निकास भीड़ नियंत्रण के लिए आठ फुट चौड़े द्वार और स्टेशन एप्रोच रोड का चौड़ीकरण एवं सतह सुधार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित