मुरैना , मार्च 21 -- मध्यप्रदेश के मुरैना स्थित छोदा टोलप्लाजा के समीप आज सुबह रद्दी और प्लास्टिक से भरे हुए एक ट्रक ने अचानक लगी भीषण आग से मौके पर अफरातफरी मच गई।

आग से किसी के हताहत होने की खबर नहीं हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रद्दी और प्लास्टिक से भरा हुआ एक ट्रक मुरैना के समीप ग्राम छोदा टोलप्लाजा के समीप खड़ा हुआ था। उसमें अचानक भीषण आग लग गई। ट्रकचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए जलते हुए ट्रक को आबादी और अन्य खड़े हुए वाहनों से दूर ले जाकर खड़े करने का प्रयास किया जिससे कोई जानमाल की क्षति न हो। इसी दौरान ट्रक अचानक पलट गया, जिससे वहां अफरातफरी मच गई।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, परंतु तब तक ट्रक जलकर राख में तब्दील हो चुका था। आग से जानमाल के खतरे की खबर नहीं हैं। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित