लखनऊ , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश सरकार ने स्कूली शिक्षा में तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। 'प्रोजेक्ट प्रवीण' के तहत अब कक्षा 9 से 12 तक के व्यावसायिक प्रशिक्षण में 'एआई फॉर आल' कोर्स को अनिवार्य कर दिया गया है।
यह योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 से लागू होगी, जिसमें छात्रों और प्रशिक्षकों के लिए 4 घंटे का विशेष एआई कोर्स शामिल होगा। इस पहल से प्रदेश के 1200 से अधिक विद्यालयों के करीब 2 लाख छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा।
'प्रोजेक्ट प्रवीण' के तहत पहले से ही 210 घंटे का निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसमें आईटी, हेल्थकेयर, ब्यूटी और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है। अब एआई को जोड़ने से छात्रों को आधुनिक तकनीकों की समझ भी मिलेगी, जिससे वे रोजगार के लिए और अधिक तैयार हो सकेंगे।
एआई कोर्स के जरिए विद्यार्थियों में समस्या समाधान, डेटा विश्लेषण, रचनात्मक सोच और डिजिटल स्किल्स विकसित किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न जॉब रोल्स जैसे आईटी कस्टमर केयर, टेलरिंग और हेल्थकेयर के लिए विशेष एआई मॉड्यूल भी तैयार किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित