बैतूल , फरवरी 01 -- मध्यप्रदेश के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम वलनी में मिले एक महिला के क्षत-विक्षत शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस हत्याकांड में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने बताया कि 30 जनवरी की सुबह गोमा उईके अपने खेत पहुंचा, जहां कुत्तों को कुछ नोचते देख उसने पास जाकर देखा तो जमीन में दबा हुआ क्षत-विक्षत शव नजर आया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास दर्ज गुमशुदगी मामलों की जांच के बाद शव की पहचान पूजा धुर्वे के रूप में हुई, जो कुछ दिन पहले लापता हो गई थी।
जांच के दौरान पता चला कि पूजा का गांव के युवक प्रमोद उईके से प्रेम संबंध था और वह उसके थ्रेशर पर काम करने जाती थी। पूजा के लापता होने के बाद से ही प्रमोद भी घर से गायब था, जिससे उस पर शक गहरा गया। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी को ग्राम कुप्पा से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 18 जनवरी को पूजा ने उस पर शादी का दबाव बनाया था। शादी से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ। तभी गुस्से में उसने मारपीट कर पूजा की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को अपने चाचा के खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित