देहरादून , फरवरी 21 -- त्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए निंदा की है। अब संगठन घटना मे आरोपी विधायक उमेश शर्मा काऊ से जवाब तलब करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष, सांसद महेंद्र भट्ट ने संवाददाताओं से बात करते हुए स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी तरह की अराजकता और हिंसा के पूर्णतया खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जन समस्या उठाना एक पहलू हो सकता है, लेकिन उसके लिए किसी को भी कानून के उल्लंघन की इजाजत नहीं दी जा सकती हैं। फिलहाल संज्ञान में आई इस घटना को पार्टी ने पूरी तरह गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में शीघ्र पार्टी रायपुर क्षेत्र विधायक से ज़बाब तलब करेगी। इसमें उन तमाम परिस्थितियों को लेकर भी विस्तार से जानकारी ली जाएगी, जिसके चलते यह सब घटित हुआ। उन्होंने आगे कहा कि पूरे प्रकरण में कानून अपना कार्य करेगा, जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर सख्त कार्रवाई के पक्ष में पार्टी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षा कर्मियों से भी संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं पर घटना का कोई असर न पड़े इसके लिए शिक्षक समुदाय को संयम दिखाना होगा, क्योंकि यह छात्रों के भविष्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन इस घटना के बाद आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही की पक्षधर है और कानूनी कार्यवाही के साथ छात्रों के भविष्य पर सोचना भी जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित