चंडीगढ़ , जनवरी 30 -- हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से संचालित माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक की वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 के लिए आयोजित प्रायोगिक परीक्षा और आंतरिक मूल्यांकन के अंक दो फरवरी से ऑनलाइन अपलोड किए जा सकेंगे।

बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि राजकीय और अराजकीय, स्थायी/अस्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालयों तथा गुरुकुल/विद्यापीठों के परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं दो फरवरी से 16 फरवरी, 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं के अंक तथा आईएनए/जीएलएस (सामान्य जागरूकता और जीवन कौशल ग्रेड) और सह-पाठयक्रम गतिविधि ग्रेडिंग के अंक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.बीएसईएच.ओआरजी.इन पर दिए गए लिंक के माध्यम से दो फरवरी से 19 फरवरी,तक ऑनलाइन अपलोड किए जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि तक अंक अपलोड न करने वाले विद्यालय 20 फरवरी से 23 फरवरी तक प्रति परीक्षार्थी 500 रुपये तथा अधिकतम 5000 रुपये जुर्माने के साथ अंक अपलोड कर सकेंगे। निर्धारित समय के बाद किसी भी प्रकार के प्रतिवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय मुखिया की होगी।

इसके अतिरिक्त, यदि कोई परीक्षार्थी राज्य, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों में चयन के कारण निर्धारित परीक्षा तिथियों में परीक्षा में शामिल नहीं हो पाता है, तो संबंधित विद्यालय मुखिया ऐसे परीक्षार्थियों की सूची आवश्यक प्रमाण सहित परीक्षा प्रारंभ होने से 10 दिन पूर्व बोर्ड कार्यालय में उपलब्ध कराएं, ताकि उनकी पुनः परीक्षा आयोजित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित