वाराणसी , अप्रैल 1 -- वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के मामले को लेकर बुधवार को धरना दे रहे छात्रों ने प्रिंसीपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अपना सिर मुड़वा लिया।
धरनास्थल पर कई छात्रों ने मुंडन कराकर प्राचार्य के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया। कॉलेज परिसर में चल रहे इस प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी धरना स्थल का जायजा लिया। 20 मार्च को कॉलेज कैंपस में दिनदहाड़े छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को पुलिस ने उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरे आरोपी अनुज ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
मुंडन कराने वाले छात्र नैतिक पांडेय ने बताया कि गोली मारने वाले छात्र मंजीत चौहान की शिकायत उन्होंने कई बार प्राचार्य से की थी। मंजीत चौहान द्वारा छात्रों के साथ मारपीट और धमकियाँ देने की कई शिकायतें पहले भी की जा चुकी थीं। अगर प्राचार्य ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया होता तो सूर्य प्रताप सिंह की हत्या नहीं होती। शोक सभा के बाद हम लोगों ने सिर मुड़वाकर विरोध प्रदर्शन किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित