रूद्रप्रयाग/देहरादून , अक्टूबर 25 -- उत्तराखंड के जनपद रूद्रप्रयाग में 29 अगस्त को भूस्खलन और बादल के फटने के दौरान छेनागाड़ मे लापता कुल नौ लोगों में से शनिवार को पांच लोगों के शव बरामद कर लिए गए।
इससे पहले शुक्रवार को दो शव बरामद होने के बाद अब तक कुल सात लोगों के शव खोजे जा चुके हैं। दो अन्य व्यक्तियों की तलाश अभी जारी है। बरामद शवों में से मात्र दो की पहचान अभी तक हो सकी है। रूद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी नन्दन सिंह रजवार ने आज शाम बताया कि आज राहत एवं खोज दलों ने छेनागाड़ क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के बाद लापता कुल नौ लोगों में से दो लोगों सते सिंह नेगी, (67), निवासी ग्राम भौर गाव, जो छेनागाड में होटल संचालक था और कुलदीप सिंह (25) पुत्र बीरबल सिंह नेगी, निवासी ग्राम उछोला, तहसील बसुकेदार, वन कार्मिक छेनागाड़ (अविवाहित) के शव शुक्रवार को बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि इनकी शिनाख्त की जा चुकी है।
श्री रजवार ने बताया कि आज कुल रेस्क्यू दलों ने अन्य सात लापता लाेगों में से कुल पांच के शव बरामद किए हैं। पर इनकी शिनाख्त नहीं की जा सकी है। उन्होंने बताया कि शव अत्यन्त जीर्णशीर्ण अवस्था में मिलने के कारण उनकी शिनाख्त में समस्या आ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित