मुंबई , जनवरी 21 -- प्राइम वीडियो ने अपनी नई हिंदी क्राइम थ्रिलर सीरीज़ 'दलदल' का दमदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है। मुंबई शहर की पृष्ठभूमि पर बनी दलदल की कहानी डीसीपी रीटा फरेरा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनका किरदार भूमि सतिश पेडनेकर निभा रही हैं। वह एक खतरनाक जांच पर निकलती हैं, जहां उन्हें एक निर्दयी सीरियल किलर का पीछा करना होता है। विश धामिजा की बेस्टसेलिंग किताब भिंडी बाज़ार पर आधारित, दलदल को अमृत राज गुप्ता ने डायरेक्ट किया है और विक्रम मल्होत्रा और सुरेश त्रिवेणी ने प्रोड्यूस किया है।

एबंडेंशिया एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन की यह सीरीज़ सुरेश त्रिवेनी ने बनाई है और इसे श्रीकांत अग्निस्वरन, रोहन डिसूजा और प्रिया सग्गी ने लिखा है, जिसके दमदार डायलॉग सुरेश त्रिवेनी और हुसैन हैदरी ने लिखे हैं। भूमि सतिश पेडनेकर के साथ इस सीरीज़ में समारा तिजोरी और आदित्य रावल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। दलदल का प्रीमियर 30 जनवरी को प्राइम वीडियो पर भारत समेत 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित