नैनीताल , दिसम्बर 02 -- उत्तराखंड के प्रसिद्ध पूर्णागिरी धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होगी।
उत्तराखंड शासन ने इस हेली सेवा के लिए चूका क्षेत्र में हेलीपैड बनाने को मंजूरी दे दी है। इसके लिए लगभग 1.88 करोड़ की धनराशि को मंजूरी दे दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2023 में पूर्णागिरी धाम के लिए हेली सेवा प्रारंभ करने की घोषणा की थी। इसके बाद शासन ने चूका क्षेत्र में हेलीपैड निर्माण के लिए कवायद शुरू की और अब इस जगह हेलीपैड निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है।
चंपावत जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए Rs.187.95 लाख की वित्तीय स्वीकृति दे गयी है। प्रथम किस्त के रूप में Rs.112.77 लाख की धनराशि जारी कर दी गई है। हेली सेवा शुरू होने से पूर्णागिरि यात्रा को सालभर संचालित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
माना जा रहा है कि इस सेवा के शुरू होने से पर्यटक विषम भौगोलिक परिस्थितियों और मौसम में अब सुरक्षित यात्रा का लाभ ले सकते हैं। यह भी माना जा रहा है कि हेलीपैड के निर्माण से चूका एवं पूर्णागिरि घाटी क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित