पटना , मई 02 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और भागलपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा को शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

प्रवीण सिंह कुशवाहा का पार्थिव शरीर आज पटना स्थित सदाकत आश्रम लाया गया, जहां बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम सहित पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. प्रवीण सिंह कुशवाहा एक समर्पित, जुझारू और कर्मठ कांग्रेसी नेता थे। उन्होंने जीवनभर पार्टी संगठन को मजबूत करने और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज़ उठाने का काम किया। उनके निधन से कांग्रेस परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

प्रवीण सिंह कुशवाहा का अंतिम संस्कार रविवार की सुबह 10 बजे भागलपुर जिला के उनके पैतृक गांव में किया जाएगा ।

सदाकत आश्रम में श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित