प्रयागराज , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक कांस्टेबल ने तत्परता और बहादुरी का परिचय देते हुए एक रेल यात्री की जान बचा ली। "ऑपरेशन जीवन रक्षा" के तहत यह सराहनीय घटना शुक्रवार को प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर हुई। ट्रेन संख्या 12987 दोपहर 12:11 बजे प्रस्थान कर रही थी, तभी एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में संतुलन खो बैठा और प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच गिर गया। प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार कुशवाहा ने बिना समय गंवाए सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए यात्री को तुरंत बाहर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

बचाए गए यात्री की पहचान सुरेश कुमार सरोज, निवासी सराय हरिया, पोस्ट बहादुरगढ़, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। वह प्रयागराज जंक्शन से आबू रोड की यात्रा पर जा रहे थे। घटना के बाद यात्री ने स्वयं को पूरी तरह सुरक्षित बताया और अपनी यात्रा जारी रखी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मौके पर मौजूद यात्रियों और लोगों ने कांस्टेबल सुनील कुमार कुशवाहा के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित