प्रयागराज , फरवरी 06 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नाबालिग लड़की को कथित रूप से लालच देकर सरोगेट मदर बनाए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए फाफामऊ पुलिस ने शुक्रवार को तीन महिलाओं और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

गंगानगर पुलिस आयुक्त कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करेली की युवती फलक नाबालिग को आईवीएफ सेंटर तक लेकर गई थी। आरोप है कि सेंटर से जुड़े लोगों ने ही उसका फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार कर जमा किए, जिनमें पीड़िता को बालिग दर्शाया गया। पूछताछ में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, फाफामऊ क्षेत्र की नाबालिग लड़की को आईफोन और 25 हजार रुपये का लालच देकर सरोगेसी के लिए तैयार किया गया था। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता की मां ने शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान आईवीएफ सेंटर के कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस प्रकरण के तार किन-किन लोगों और स्थानों से जुड़े हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित