प्रयागराज , फरवरी 9 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में स्कूली छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किशोरी घर के भीतर फांसी के फंदे से लटकी मिली। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार पूरामुफ्ती क्षेत्र के शेखसरवा गांव निवासी शिव बाबू की पुत्री दीपाली (14), जो आठवीं कक्षा की छात्रा थी, रविवार रात घर के अंदर फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने उसे तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का कहना है कि पिता की डांट से नाराज होकर किशोरी ने आत्महत्या की। वहीं, छात्रा से जुड़े एक युवक ने आरोप लगाया है कि घटना से पहले उसके सामने किशोरी के साथ मारपीट की गई थी, जिससे मामला संदेह के घेरे में आ गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पूरामुफ्ती थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और युवक के आरोपों को भी गंभीरता से लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित