प्रयागराज, (वार्ता) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कौंधियारा थाना क्षेत्र के ढोढ़री गांव में मंगलवार की शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी।
पीड़िता की पहचान रंजना देवी के तौर पर हई है। रंचना की विवाह को अभी नौ माह भी पूरे नहीं हुए थे। इस घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ढोढ़री गांव निवासी बृजेश कुमार की पत्नी रंजना देवी की मंगलवार शाम घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रंजना की शादी तीन जून 2025 को बृजेश कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद वह ससुराल में ही रह रही थी। बृजेश कुमार सूरत में नौकरी करता है और करीब एक माह पहले 13 फरवरी 2026 को सूरत से घर लौटा था।मंगलवार शाम घर के अंदर रंजना ने फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो घरवालों को शक हुआ। इसी बीच घटना की जानकारी होने पर बृजेश कुमार ने ही उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और देखते ही देखते आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार शादी के बाद कई बार मृतका के मायके पक्ष के लोग उसे बुलाने के लिए ससुराल आए थे, लेकिन ससुर कमला प्रसाद और पति बृजेश कुमार ने उसे मायके भेजने से इनकार कर दिया था। इस बात को लेकर वह काफी आहत और परेशान रहती थी।
थाना प्रभारी कौंधियारा कुलदीप शर्मा ने बताया कि ढोढ़री गांव में नव विवाहिता की मौत की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया छत में लगे चुल्ले के सहारे साड़ी से फांसी लगाने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वही सहायक पुलिस उपायुक्त कौंधियारा अब्दुल सलाम खान भी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित