प्रयागराज , मार्च 16 -- प्रयागराज के सिविल लाइंस क्षेत्र में सोमवार देर रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक ट्रांसपोर्टर को उसके ही दोस्त ने गोली मार दी। घटना में घायल ट्रांसपोर्टर की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार घायल कनिष्क मिश्रा निवासी दारागंज ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है। उसने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे वह अपने कुछ दोस्तों के साथ धोबीघाट चौराहे के पास नाइट मार्केट के बाहर बैठकर नाश्ता कर रहा था। इसी दौरान उसके साथ ओडी फोर्ट में काम करने वाला उसका एक साथी भी मौजूद था।
खाने-पीने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पिस्टल निकालकर उसे धमकाया और कुछ ही देर बाद फायर कर दिया। गोली कनिष्क मिश्रा के पेट के ऊपरी हिस्से में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
यह घटना थॉर्नहिल पुलिस चौकी से महज लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों की सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं। रामाश्रय यादव ने बताया कि आरोपी के बारे में जानकारी मिली है कि वह मलाकराज क्षेत्र का रहने वाला है। जिस असलहे से फायरिंग की गई वह लाइसेंसी है या अवैध, इसका पता आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही चल सकेगा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित