प्रयागराज , फरवरी 08 -- प्रयागराज जिले में सोरांव थाना क्षेत्र के सेवइत बाजार में शनिवार देर रात एक शराबी पिता ने अपने ही पुत्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि पुराना रौजा मोहल्ला निवासी गुड्डू और उसके बेटे अनिल कुमार के बीच शादी का सामान खरीदने को लेकर विवाद हो गया। परिवार में सबसे छोटी बेटी काजल की शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिजनों के अनुसार विवाद के समय दोनों नशे में थे। कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घर के अन्य सदस्यों सुनील कुमार, अंजना और दामाद राजू ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन अनिल को गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरांव भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित