प्रयागराज , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मांडा थाना क्षेत्र में एक वृद्धा की गला दबाकर हत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि क्षेत्र के दिघिया चौकी अंतर्गत बरहाकला ग्राम पंचायत के बबुरा गांव निवासी कस्तूरा देवी (62) शनिवार रात घर के बाहर सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनका गला दबाकर हत्या कर दी। आज सुबह परिजनो काे वारदात का पता चला।

मृतका के पति रेलवे कर्मचारी थे, जो पांच वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे। लगभग दस माह पूर्व बीमारी के चलते उनका निधन हो गया था। महिला की दो विवाहित बेटियां उषा और रेनू हैं। पति की मृत्यु के बाद कस्तूरा देवी अपनी 16 वर्षीय नातिन राधा के साथ घर में रह रही थीं। घटना के समय नातिन घर के अंदर सो रही थी, जबकि वृद्धा बाहर सो रही थीं।

परिजनों के अनुसार हत्यारे महिला के गहने भी लेकर फरार हो गए हैं, जिससे लूटपाट की आशंका भी जताई जा रही है। घटना की सूचना पर दिघिया चौकी प्रभारी विक्की गुप्ता, उपनिरीक्षक अबू तालिब जैदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित