प्रयागराज , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-मिर्जापुर राजमार्ग पर मेजा क्षेत्र के कठौली इलाके में बीती रात बोलेरो और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मेजा रोड से प्रयागराज की ओर जा रही बोलेरो विपरीत दिशा से आ रहे पिकअप वाहन से टकरा गयी। कठौली स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास पिकअप चालक ने गलत दिशा से ओवरटेक करने के दौरान बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे में बोलेरो सवार कोलाही चंद्रहेंका पूरा निवासी सुनीता यादव (32), रीता यादव (40), रविता यादव (37), विजय शंकर (72) और एक तीन वर्षीय बच्चे समेत कुल सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

मेजा रोड पुलिस चौकी प्रभारी सचिन गुप्ता के अनुसार, घायलों का उपचार जारी है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित