प्रयागराज , फरवरी 9 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में चार दिन से लापता सुरक्षा कर्मी राकेश मिश्रा का शव सोमवार को नैनी क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज के समीप पेड़ से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार कौंधियारा थाना क्षेत्र निवासी राकेश मिश्रा उर्फ गुड्डू (38) नैनी स्थित गंगा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इकाई में एक निजी सुरक्षा कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। वह पांच फरवरी को ड्यूटी पर पहुंचे थे, जहां उनकी मोटरसाइकिल खड़ी मिली थी। बाइक की डिग्गी से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था, जिसमें आत्महत्या करने तथा 57 लाख रुपये के लेन-देन का उल्लेख था।

परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट नैनी कोतवाली में दर्ज कराई थी। बाइक मिलने के बाद पुलिस ने यमुना नदी में गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था।

सोमवार को नैनी लेप्रोसी चौराहे के पास रेलवे ओवरब्रिज के समीप पेड़ से शव लटकता मिलने की सूचना परिजन को मिली। परिजन शव को नीचे उतारकर स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय ले गए, जहां से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। नैनी कोतवाली प्रभारी सीपी सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित