प्रयागराज , दिसंबर 28 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र में पड़ोसियों ने एक मृत व्यक्ति को जीवित दिखाकर उसकी करोड़ों रुपये की संपत्ति अपने नाम वसीयत करा ली। इस घटना के उजागर होने के बाद राजस्व और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ग्राम बसदेया (बरईपुर) की मीना कुमारी ने आरोप लगाया है कि उनके पिता राम अभिलाष की साल 2023 में मृत्यु हो चुकी थी। पिता के निधन के बाद जब वह उनके क्रिया-कर्म में व्यस्त थीं, तभी उनके पड़ोसी और चचेरे भाई धर्मेंद्र कुमार पुत्र जगन्नाथ पटेल ने फर्जी दस्तावेज तैयार किए।धर्मेंद्र कुमार ने राम अभिलाष को जीवित दर्शाते हुए तहसील सोरांव में रजिस्ट्रार के समक्ष 6 बीघा जमीन की वसीयत अपने नाम करा ली। इस जमीन की बाजार कीमत लगभग एक करोड़ रुपए आंकी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, राम अभिलाष और जगन्नाथ पटेल सगे भाई थे। राम अभिलाष की केवल एक बेटी मीना कुमारी हैं, जबकि जगन्नाथ के चार बेटे हैं। मीना कुमारी शादी के बाद भी अपने पति के साथ पिता के घर पर ही रहती थीं।फर्जी वसीयत की जानकारी होने पर मीना कुमारी ने तहसील और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की। मामले की जांच खंड विकास अधिकारी मऊआइमा ने ग्राम विकास अधिकारी जिया कुशवाहा को सौंपी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित