प्रयागराज , फरवरी 9 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बेलन मुख्य नहर में दो अनियंत्रित कारें गिर गईं। हादसे के समय दोनों वाहनों में कुल नौ लोग सवार थे, जिनमें से दो युवक लापता बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार नैनी से कोरांव क्षेत्र के घूघा गांव में एक बारात में शामिल होने जा रहे कार सवार बढ़वारी कला गांव के पास कोरांव-ड्रमंडगंज मार्ग पर बेलन नहर की पुलिया के मोड़ पर नियंत्रण खो बैठे और वाहन गहरे पानी में जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
पहली कार (किया) में शुभम शुक्ला, सौरभ गौतम (रीवा), संदीप कुमार (आजमगढ़) और विशाल मौर्य (जौनपुर) सवार थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया। दूसरी कार (आई-टेन) में प्रदीप कुशवाहा, अनूप कुमार, वसीम (गाजीपुर), अंशू (गाजीपुर) और रोहित कुमार (बलिया) सवार थे। इनमें प्रदीप कुशवाहा और अंशू के लापता होने की सूचना है।
बताया गया है कि सभी कार सवार शुभम शुक्ला के मित्र हैं और एक साथ बारात में जा रहे थे। शुभम शुक्ला की बारात नैनी से घूघा गांव स्थित विजय कुमार पांडेय के यहां जा रही थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कोरांव थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों कारों को जेसीबी की मदद से रात करीब एक बजे तक नहर से बाहर निकाल लिया गया है। लापता युवकों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित