प्रयागराज , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मेजा तहसील क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई तेज बारिश ने खेती और शादी समारोहों को प्रभावित किया। लगभग 20 मिनट तक हुई इस बारिश से गेहूं और सरसों की फसलों को नुकसान पहुंचा, वहीं विवाह आयोजनों में भी व्यवधान आया। मेजा तहसील के मांडा, उरुवा और मेजा सहित तीनों ब्लॉकों में शुक्रवार शाम करीब सात बजे तेज गड़गड़ाहट के साथ अचानक बारिश शुरू हुई। यह बारिश लगभग 20 मिनट तक जारी रही जिससे भारी नुकसान हुआ है, बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। कुछ किसानों ने सरसों की फसल काटकर मड़ाई के लिए घरों या बागवानी क्षेत्रों में रखी थी, जिसे बचाने के प्रयास विफल रहे और फसलें भीग गईं।
बारिश का असर शादी समारोहों पर भी पड़ा। विवाह स्थलों पर लगे टेंट और पंडाल पूरी तरह भीग गए। घरों और गेस्ट हाउस में की गई सजावट भी बारिश से खराब हो गई।शादी में शामिल होने आए मेहमानों और स्थानीय ग्रामीणों को बारिश से बचने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा। विवाह समारोहों के लिए बने भोजनालय की व्यवस्था भी अस्त-व्यस्त हो गई। कन्या पक्ष के लोग अपने सामानों को बचाने के लिए बारिश में भीगते रहे।इसके अतिरिक्त, सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित