प्रयागराज , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नैनी क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब एक बजे एक बोलेरो वाहन बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में बोलेरो चालक घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नैनी स्थित अरीवा कंपनी के सामने से एक बोलेरो गुजर रही थी। उसी दौरान अचानक एक बाइक सवार वाहन के सामने आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने गाड़ी मोड़ी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर नैनी पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो को सीधा कराते हुए घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। राहगीरों के मुताबिक इस घटना में बाइक सवार बाल-बाल बच गया। पुलिस ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कराकर यातायात सुचारु करा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित