प्रयागराज , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पति-पत्नी के विवाद के बीच बच्चे के अपहरण का झूठा षड्यंत्र रचने का मामला सामने आया है। फूलपुर थाना पुलिस ने बच्चे को देर शाम सकुशल बरामद कर लिया और एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि फतनपुर थाना क्षेत्र के कोठरा गांव निवासी कमलेश बिंद का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था जिसके चलते उसने अपने बच्चे को फूलपुर क्षेत्र के बौढ़ई कटौता गांव निवासी अपने जीजा बजरंगी बिंद के घर पर रख दिया था। सात मार्च को बच्चे की मौसी ने बजरंगी बिंद से बच्चा दिलाने के लिए फूलपुर थाने में प्रार्थना पत्र दिया। उस समय बच्चे का पिता कमलेश बिंद सूरत में था। बजरंगी बिंद ने बच्चे को पिता की मौजूदगी में ही देने की बात कही। बच्चे को वापस न करने पर पुलिस ने बजरंगी बिंद का चालान कर जेल भेज दिया।
इसके बाद कमलेश बिंद ने अपने जीजा, बहन और भाई के साथ मिलकर बच्चे को छिपा दिया और उसके अपहरण की झूठी खबर फैलाने की योजना बनाई ताकि बच्चे को मां से अलग रखा जा सके। फूलपुर पुलिस ने टीम गठित कर बच्चे संघर्ष कुमार को बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया। पुलिस ने कमलेश कुमार बिंद, बजरंगी बिंद, राधिका बिंद और अखिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
फर्जी सूचना देने के आरोप में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 238/61(1)(a)/137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित