प्रयागराज , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मऊआइमा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक पूर्व क्षेत्रीय पंचायत सदस्य ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि तिलई घीनपुर गांव निवासी प्रदीप कुमार (40) ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। वह पूर्व में गांव के बीडीसी (क्षेत्रीय पंचायत सदस्य) रह चुके थे। बताया गया कि शुक्रवार शाम जब घर पर कोई नहीं था, तब प्रदीप अपने कमरे में गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। उन्होंने गमछे को छत के चुल्ले से बांधकर फांसी लगा ली। देर शाम जब परिजन घर लौटे तो कमरा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांकने पर प्रदीप फंदे से लटके दिखाई दिए। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रदीप कुमार निःसंतान थे। वह खेती-किसानी का कार्य करते थे और परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर बताया जा रहा है।
हालांकि आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है, लेकिन आर्थिक तंगी को संभावित कारण माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित