प्रयागराज , मार्च 20 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस कमिश्नर के एस्कॉर्ट में तैनात कमांडो का शव शुक्रवार को उनके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला।

पुलिस ने बताया कि कैंट थाना क्षेत्र के गंगानगर राजापुर स्थित मकान में रह रहे कमांडो कृपाल सिंह (29) का कमरा अंदर से बंद था। मकान मालिक ने सुबह खिड़की से झांककर उन्हें फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, कृपाल सिंह आखिरी बार 18 मार्च की रात ड्यूटी से लौटने के बाद देखे गए थे। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कृपाल सिंह फिरोजाबाद जिले के निवासी थे और 2019 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह पुलिस कमिश्नर के एस्कॉर्ट में कमांडो के रूप में तैनात थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में कुछ घरेलू कारण सामने आए हैं, लेकिन घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित