प्रयागराज , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के चांदी गांव में रविवार शाम एक व्यक्ति की नहर में डूबने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान लालबाबू (47) पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है। बताया गया है कि लालबाबू अपनी पत्नी पार्वती के साथ खेत से पशुओं के लिए घास लेकर घर लौट रहे थे। घर से लगभग सौ मीटर दूर टीकर रजबहा पार करते समय वह अचानक पानी में गिर गए। उनकी पत्नी पार्वती उनसे पहले ही घर पहुंच चुकी थीं। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल पानी से बाहर निकाला और परिजन उन्हें कोरांव के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी की शादी अप्रैल माह में तय थी और परिवार उसकी तैयारियों में जुटा हुआ था।
थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि नहर में डूबने से मौत की सूचना मिली थी, लेकिन परिजनों की ओर से कोई लिखित सूचना न मिलने के कारण कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकी। सोमवार सुबह परिजनों ने नजदीकी घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित