प्रयागराज , जनवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में दबंगों ने एक परिवार के घर में घुसकर मारपीट की और महिलाओं से अभद्रता की गई। पुलिस ने पीड़ित लक्ष्मीकांत सरोज की शिकायत पर सोमवार दोपहर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लखनपुर गांव निवासी लक्ष्मीकांत सरोज का भतीजा सूरज रविवार शाम किराना दुकान पर सामान लेने जा रहा था। रास्ते में सड़क की पुलिया पर बैठे सुकुरू और शिवम ने सूरज को गाली-गलौज करते हुए लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। सुकुरू ने कट्टा लहराते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
डर के मारे सूरज बिना सामान लिए घर लौट आया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसी दौरान, सुकुरू अपने साथियों गिरीशनाथ, अवधेश, सोनू, सत्यम, शिवम, करन और छोटू के साथ लोहे की रॉड और डंडे लेकर लक्ष्मीकांत सरोज के घर में घुस गया। गिरीशनाथ ने घर में मौजूद सभी लोगों, खासकर महिलाओं को मारने-पीटने और उनके हाथ-पैर तोड़ने के लिए उकसाया।
इसके बाद सभी आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट शुरू कर दी। लक्ष्मीकांत की बेटी खुशबू को बुरी तरह पीटा गया। मैना और गुड़िया को भी लाठी-डंडों से जांघों पर पीटा गया और उनकी साड़ियाँ खींच दी गईं। रुक्मणी देवी को भी चोटें आईं। हमलावरों ने घर में खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी को क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने घर में लगी टिन की छत को भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित