प्रयागराज , अप्रैल 6 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार दोपहर सिविल लाइंस इलाके में एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद कई बार पलटने का मामला सामने आया है। हादसा करीब 12 बजे मैक्स मॉल और कॉफी हाउस के सामने हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार करीब 100 किमी/घंटा से अधिक रफ्तार में थी और स्टंट के दौरान नियंत्रण खो बैठी। टक्कर के बाद कार कई बार पलटते हुए दूसरी लेन में जा गिरी। गनीमत रही कि उस समय दूसरी लेन में कोई वाहन या राहगीर नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइट भी टूटकर गिर गई। कार में केवल चालक सवार था, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने बाहर निकाला, लेकिन कुछ देर बाद वह वहां से चला गया। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि चालक शराब के नशे में था या नहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित