प्रयागराज , अप्रैल 13 -- जालियांवाला बाग कांड की 107वीं बरसी पर शनिवार को संगम नगरी प्रयागराज में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम के वीर बलिदानियों को नमन किया गया।

अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद एवं शहीद-ए-आजम भगत सिंह स्मारक समिति की ओर से आयोजित समारोह में जालियांवाला बाग कांड के शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उपस्थित लोगों ने शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने जालियांवाला बाग के शहीदों की शहादत को याद करते हुए कहा कि उनके बलिदान ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन अनिल गुप्ता 'अन्नू भइया' ने कहा कि जनरल डायर ने निहत्थे और शांतिपूर्ण ढंग से एकत्र भारतीयों पर गोलियां चलवाई थीं, जिसमें सैकड़ों लोग शहीद और हजारों घायल हुए थे।

उन्होंने कहा कि देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही भारत को आजादी मिली। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करें और उनके बताए मार्ग पर चलें। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने भी उपस्थित होकर शहीदों को नमन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित