प्रयागराज , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में नवाबगंज थाना क्षेत्र के लालगोपालगंज में मंगलवार को निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से एक मजदूर की मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।पुलिस सूत्रों ने बताया कि लालगोपालगंज निवासी मुकर्रम अली का मकान निर्माणाधीन है। शटरिंग का कार्य प्रतापगढ़ जनपद निवासी गुलशन पाल को दिया गया था। मंगलवार दोपहर करीब चार बजे मकान पर छत डाली जा रही थी। उसी समय गुलशन पाल अपने साथियों के साथ फिटिंग का काम कर रहे थे।

इसी दौरान बल्लियां खिसकने से गुलशन पाल और मुकेश पाल का संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े। इसके बाद छत का संतुलन भी बिगड़ गया और वह दोनों मजदूरों पर आ गिरी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल गुलशन पाल को अस्पताल ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। वहीं मुकेश पाल गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार स्वरूप रानी अस्पताल में चल रहा है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जेसीबी और अन्य साधनों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का कार्य कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित