प्रयागराज , अप्रैल 9 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के झूंसी थाना क्षेत्र स्थित जेपी मेमोरियल हॉस्पिटल, रहिमापुर में ऑपरेशन के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेमापुर निवासी महिला को पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद ऑपरेशन की सलाह दी गई, जिसके लिए परिजनों से करीब 50 हजार रुपये जमा कराए गए। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और उसे लगातार उल्टी, कमजोरी समेत अन्य दिक्कतें बनी रहीं। इसके बावजूद समुचित उपचार नहीं किया गया। हालत बिगड़ने पर दोबारा ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद महिला की स्थिति और गंभीर हो गई और गुरुवार दोपहर उसकी मृत्यु हो गई।
महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि बिना समुचित जांच के ऑपरेशन किया गया, जिससे उसकी जान चली गई। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अस्पताल को सील करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित