प्रयागराज , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के उतराव थाना क्षेत्र के घूरेपुर गांव में शुक्रवार को एक युवती का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार घूरेपुर निवासी दया राम पटेल की पुत्री सीमा कुमारी (25) का शव गांव से करीब 500 मीटर दूर ऊष्मापुर के पास एक खेत में आम के पेड़ की डाल से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। परिजनों के अनुसार गुरुवार शाम सीमा घर पर नहीं दिखी। उसकी बहन उसे मढ़हे में खाना खाने के लिए बुलाने गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, पर उसका कोई पता नहीं चल सका।

शुक्रवार सुबह गांव के एक किसान सरसों काटने खेत पर पहुंचे तो उनकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सीमा कुमारी के रूप में की। मृतका अविवाहित थी और परिवार के साथ रहती थी। परिवार में उसके दो भाई अरविंद और राहुल तथा पांच बहनें हैं। पिता दया राम पटेल खेती करते हैं और माता का नाम सूरज कली है।

थाना अध्यक्ष प्रीतम कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित