प्रयागराज , फरवरी 19 -- प्रयागराज में यमुना नदी में अवैध बालू खनन को लेकर हुई फायरिंग के मामले में घूरपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, दबंगों का एक समूह चार स्टीमर से नदी में पहुंचा और वर्चस्व को लेकर फायरिंग की, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आनन-फानन में मामला दर्ज किया गया।
इस मामले में मुख्य आरोपी चंदू निषाद, निवासी महेवा एग्रीकल्चर, नैनी थाना क्षेत्र, को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ 25 से 30 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 191(2), 352, 351(2) और 109(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एफआईआर शिकायतकर्ता शिव प्रसाद सिंह की तहरीर पर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। स्थानीय स्तर पर अवैध खनन को लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बनती रही है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं, हालांकि घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित