प्रयागराज , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के संगम नगरी स्थित प्रसिद्ध अलोपशंकर मंदिर परिसर के बाहर सोमवार भोर में एक दुकान में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में धुएं का गुबार व ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं।
मंदिर क्षेत्र के होने के कारण और भीड़भाड़ को देखते हुए स्थानीय निवासियों और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग आनन-फानन में घरों से बाहर निकले और बाल्टियों से पानी डालकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड की मदद से काफी संघर्ष के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
राहत की बात यह रही कि भोर में यह हादसा हुआ, जब दुकान में कोई मौजूद नहीं था। इसलिए किसी प्रकार की जनहानि या हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान और फर्नीचर पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकानदार ने बताया कि सारा कीमती स्टॉक जल जाने से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग फिलहाल नुकसान का आकलन कर रहे हैं और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
मंदिर प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए दुकानदारों से समय-समय पर बिजली उपकरणों और वायरिंग की जांच कराने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित