प्रयागराज , फरवरी 05 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के पुराने शहर में सड़कों पर कब्जा कर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने गुरुवार को व्यापक अभियान शुरू किया। दोपहर में नगर निगम की टीम ने पुलिस और आरएएफ के साथ मिलकर कार्रवाई की शुरुआत की।

जानसेनगंज स्थित शाहगंज इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में टीमों ने लाउडस्पीकर से ऐलान किया कि दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों के सामने से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा बुलडोजर से कार्रवाई की जाएगी। ऐलान के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपने दुकान के आगे रखा सामान और अवैध निर्माण हटाना शुरू कर दिया।

शाहगंज इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में सैकड़ों दुकानें हैं। संकरी गलियों और दोनों ओर किए गए अतिक्रमण के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। ऐलान के बाद नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने बुलडोजर के जरिए कार्रवाई शुरू की। दोपहर तक करीब तीन दर्जन दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटाया गया या ध्वस्त कर दिया गया।

नगर निगम की टीमें पुराने शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों चौक, सब्जी मंडी, नखास कोहना, सेवईं मंडी और शाहगंज में भी अभियान चला रही हैं। इन इलाकों में भी अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। अधिकारियों ने बताया कि जहां-जहां अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित