प्रयागराज , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के नवाबगंज क्षेत्र में सोमवार रात एक युवक के साथ मारपीट की घटना के बाद तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने आधी रात थाना घेरकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के बरीबोझ गांव निवासी दयाशंकर गौतम ने आरोप लगाया कि सोमवार रात करीब 8:30 बजे वह गांव स्थित अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर पोस्टर लगा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और पोस्टर-बैनर फाड़ने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसके साथ मारपीट की। उसने फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया, जिसमें उसके सिर पर गंभीर चोट आई। आरोप है कि हमलावरों के साथ चार अज्ञात लोग भी थे, जिन्होंने जयंती समारोह आयोजित करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बाद में नवाबगंज थाने का घेराव कर दिया। ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। देर रात तक पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी समझाइश के बाद पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण अपने घर लौट गए।
पुलिस आयुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि प्रारंभिक सूचना मारपीट की मिली थी। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि अब तक फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है और पोस्टर फाड़ने की बात भी जांच में स्पष्ट नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित