प्रयागराज , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होली पर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शहर की ऐतिहासिक एवं परंपरागत होली, विशेषकर लोकनाथ की 'कपड़ा फाड़ होली', देशभर में प्रसिद्ध है, जिसमें भाग लेने के लिए दूर-दूर से लोग प्रयागराज पहुंचते हैं। इसके अलावा शहर में कई स्थानों पर आध्यात्मिक महत्व की होली भी मनाई जाती है। त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा ने शनिवार को बताया कि इस बार केवल पारंपरिक रूप से आयोजित होने वाली होलिका दहन समितियों को ही अनुमति दी जाएगी। नई समितियों या चौराहों एवं सड़कों पर किसी नई परंपरा को अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि कपड़ा फाड़ होली के बाद कपड़ों को विद्युत तारों पर फेंके जाने से शॉर्ट सर्किट अथवा आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं। इसे देखते हुए विद्युत विभाग के साथ समन्वय कर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही सड़क किनारे जल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि होली समितियों को कोई असुविधा न हो।
पुलिस प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया है, जिससे किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। चूंकि होली के दौरान रमजान का महीना भी रहेगा, इसलिए सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी की गई है, ताकि किसी प्रकार का धार्मिक या आपसी वैमनस्य उत्पन्न न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित