पटना, मई 11 -- बिहार सरकार में पथ निर्माण विभाग के मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने सोमवार को कहा कि राज्य में विकास कार्य प्रमाणिकता और गुणवत्ता के आधार पर पूरे किए जाएंगे तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर दिया जाएगा। श्री शैलेंद्र ने आज पथ निर्माण विभाग के मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य में सड़क, पुल एवं अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से मूर्त रूप देने के लिए विभागीय अभियंताओं को महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों में भेजा जाएगा, जिससे वे वहां की तकनीकी व्यवस्था और कार्य प्रणाली का अध्ययन कर सकें।

मंत्री ने कहा कि बिहार अभी आधुनिक तकनीक आधारित कई विकास कार्यों से अछूता है और सरकार इस दिशा में तेजी से काम करेगी। उन्होंने कहा कि अभियंताओं और अधिकारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यभार संभालने से पहले मंत्री ने विभागीय कार्यालय में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित