रायगढ़ , नवंबर 21 -- छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप प्रदेशभर में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से जारी है। इसी क्रम में रायगढ़ जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों का आज प्रभारी सचिव एवं वाणिज्य-उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग, रेल परियोजनाएं एवं सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार ने निरीक्षण किया। उनके साथ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी भी मौजूद थे।
प्रभारी सचिव रजत कुमार ने सर्वप्रथम कोड़ातराई धान उपार्जन केंद्र का दौरा किया। उन्होंने साफ-सफाई, बारदाना उपलब्धता, पेयजल, फेंसिंग, सीसीटीवी कैमरे, ड्रेनेज सिस्टम, नमीमापक यंत्र, तौल कांटा, छाया व्यवस्था तथा अब तक की खरीदी स्थिति का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल सुखा, स्वच्छ और एफएक्यू गुणवत्ता का धान ही खरीदा जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने उपार्जन केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं तथा पारदर्शी प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने शासन-प्रशासन की व्यवस्था के लिए आभार जताया।
प्रभारी सचिव ने अधिकारियों से सभी चेकपोस्टों पर कठोर निगरानी रखने, कोचियों-बिचौलियों पर सख्त कार्रवाई करने और माइक्रो लेवल मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाहरी धान को जिले में प्रवेश से पहले ही रोका जाए।
इसके बाद उन्होंने तरकेला उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर पिछले वर्ष की खरीदी, पंजीकृत किसानों की संख्या, बारदाना उपलब्धता, टोकन सिस्टम, ड्रेनेज व्यवस्था और तौल कांटा की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी जाए-छोटे किसानों को 2 तथा बड़े किसानों को 3 टोकन प्रदान किए जाएँ। किसानों ने इस केंद्र में भी व्यवस्था को संतोषजनक बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित